आगरा/फतेहपुर सीकरी: सांसद राजकुमार चाहर ने आलू किसानों के लिए मांगी राहत
आगरा:-फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आलू किसानों को बड़ी राहत देने की मांग की है। उन्होंने सुझाव दिया है कि कोल्ड स्टोरेज पर लागू की गई कॉमर्शियल बिजली दरों को घटाकर घरेलू दरों के समान किया जाए, ताकि किसानों पर बढ़ते भंडारण खर्च का बोझ कम हो सके।
सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि वर्तमान में कोल्ड स्टोरेज पर कॉमर्शियल बिजली दरें लागू हैं, जो अत्यधिक महंगी हैं। उनका तर्क है कि कोल्ड स्टोरेज न तो कोई उत्पादन करने वाली फैक्ट्री हैं और न ही औद्योगिक इकाई, बल्कि वे किसानों की उपज को सुरक्षित रखने का माध्यम हैं।
250 रुपये भाड़ा, 500 रुपये बाजार भाव राजकुमार चाहर ने पत्र में उल्लेख किया कि इस समय किसानों को 250 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कोल्ड स्टोरेज में आलू भंडारण करना पड़ता है, जबकि बाजार में आलू का विक्रय मूल्य औसतन 500 रुपये प्रति क्विंटल ही मिल रहा है। ऐसी स्थिति में किसान को आधी आमदनी भंडारण खर्च में चली जाती है, जिससे वह कम दाम पर ही अपनी फसल बेचने को मजबूर हो जाता है।