लालऊ पुल से कागारौल तक 18.23 करोड़ से सड़क चौड़ीकरण को मिली मंजूरी, क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ – सांसद राजकुमार चाहर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 22 मार्च 2026

लालऊ पुल से कागारौल तक 18.23 करोड़ से सड़क चौड़ीकरण को मिली मंजूरी, क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ – सांसद राजकुमार चाहर

लालऊ पुल से कागारौल तक 18.23 करोड़ से सड़क चौड़ीकरण को मिली मंजूरी, क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ – सांसद राजकुमार चाहर

पिछले दिनों सांसद चाहर ने लोकसभा में आगरा जगनेर मार्ग के चौड़ीकरण का उठाया था मुद्दा

कागारौल(आगरा):- फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में सड़क अवसंरचना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजकुमार चाहर एवं खेरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाहा के संयुक्त प्रयासों से चंदौसी–आगरा–तांतपुर–कोट राज्य मार्ग पर दक्षिणी बाईपास, लालऊ पुल से कागारौल तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। यह कार्य चैनेज 216.300 से 224.630 तक कुल 8.330 किलोमीटर लंबाई में किया जाएगा, जिसकी लागत ₹1823.57 लाख (करीब 18.23 करोड़ रुपये) निर्धारित की गई है। सड़क की चौड़ाई लगभग 10 मीटर रखी जाएगी, जिससे यातायात और अधिक सुगम व सुरक्षित हो सकेगा। परियोजना में 5 वर्षों का अनुरक्षण भी शामिल है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में इसके लिए 5 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों सांसद राजकुमार चाहर ने लोकसभा में आगरा–जगनेर मार्ग के चौड़ीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद क्षेत्र की सड़कों के विकास को लेकर तेजी आई है।
सांसद चाहर ने बताया कि इस सड़क के चौड़ीकरण के बाद कागारौल से जगनेर तक के मार्ग पर भी जल्द कार्य शुरू होगा, जिससे पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।
सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और किसानों, व्यापारियों व आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही दुर्घटनाओं में कमी आने और परिवहन व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। इस स्वीकृति पर सांसद राजकुमार चाहर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास को नई गति देगी। उन्होंने बताया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएंगे और 12 माह के भीतर परियोजना पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर क्षेत्र में मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही हैं, जिससे विकास की गति और तेज हो रही है।

video

Pages