इंडिया स्किल्स 2025–26 नॉर्थ रीजनल प्रतियोगिता का भव्य समापन
आगरा के बीएसएनएल ग्राउंड में आयोजित इंडिया स्किल्स 2025–26 नॉर्थ रीजनल प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य समापन हुआ। चार दिनों तक चली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 5 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों के 360 से अधिक प्रतिभागियों ने 41 विभिन्न स्किल ट्रेड्स में अपने कौशल, नवाचार और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री, भारत सरकार जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि इंडिया स्किल्स जैसी प्रतियोगिताएँ युवाओं को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना ही अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में कौशल विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।