आगरा में होली की तैयारियां जोरों पर: 2300 जगहों पर होगा होलिका दहन
आगरा ताजनगरी होली के रंग में रंगी नजर आ रही है। शहर के कोने-कोने में होली की गूंज है। जोर-शोर से होली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बाजारों में रोनक दिखाई दे रही है। वहीं दुकानों में अलग-अलग प्रकार के रंगों, अबीर, गुलाल और विभिन्न प्रकार की पिचकारियां सजी हैं। त्योहार को लेकर लोग बाजारों में खरीददारी में जुटे हैं।
आगरा में 2300 स्थानों पर होलिका रखी गई है। होली की तैयारियों के लिए सोमवार को शहर के बाजारों में काफी भीड़ नजर आ रही है। लोग रंग-गुलाल और बच्चों ने पिचकारियों की खरीददारी कर रहे हैं। शहर के प्रमुख बाजारों के अलावा गली-मोहल्लों और चैराहों पर रंग-गुलाल और पिचाकारियों की लगी दुकानों पर खरीददारों की भीड़ रही।
होलिका दहन सोमवार को मनाया जाएगा। गलियों, कालोनियों और मुख्य मार्गों पर सजाई गई होलिका का पूजन किया जा रहा है। कहीं लकडी से तो कहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कंडे से होलिका सजाई गई। लोग एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दे रहे हैं। फागों के गीत-संगीत के कार्यक्रम भी चल रहे हैं। शुभ घडी में शाम को होलिका दहन किया जाएगा।