होली के दिन दबंगई: आगरा में परिवार पर हमला, युवक का सिर फोड़ा
आगरा के थाना अछनेरा क्षेत्र के सहाई गांव में होली के दिन दबंगई की घटना सामने आई है। सहाई पेट्रोल पंप के सामने कॉलोनी में किराए पर रहने वाले एक परिवार पर गांव के ही चार युवकों ने लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। दंपति सहित उनके पुत्र और पुत्री को बेरहमी से पीटा गया। युवक का सिर ईंट मारकर फोड़ दिया गया। हमलावर जाते-जाते पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पीड़िता गीता देवी के अनुसार, उनका बेटा अंकित होली के अवसर पर घर पर मौजूद था। इसी दौरान अंकित का एक दोस्त उसे मिलने आया। जैसे ही दोस्त घर के दरवाजे पर पहुंचा, गांव के ही चार लड़के वहां आ धमके और उससे कहासुनी कर झगड़ा करने लगे। दरवाजे पर मौजूद अंकित के पिता और आसपास के लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और अंकित का दोस्त घर के अंदर आ गया।
मामला वहीं समाप्त होता दिख रहा था, लेकिन दबंगों की नीयत में खोट थी। करीब दस मिनट बाद जब अंकित का दोस्त वापस जाने लगा तो अंकित उसे दरवाजे तक छोड़ने आया। पहले से घात लगाए बैठे चारों युवक फिर वहां मौजूद थे। उन्होंने दोबारा झगड़ा शुरू कर दिया और अंकित के दोस्त पर हमला बोल दिया। अंकित ने जब विरोध किया तो हमलावरों ने उसे भी निशाना बना लिया।