एत्मादौला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एल्यूमीनियम स्क्रैप चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना एत्मादौला पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने एल्यूमीनियम स्क्रैप चोरी करने वाले 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। बरामदगी में 12 बोरी एल्यूमीनियम स्क्रैप, घटना में प्रयुक्त 2 ऑटो और 1 मोबाइल फोन शामिल है।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना 25 जुलाई 2025 की है, जब आगरा स्टील फैक्ट्री के सामने से एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल फोन छीनकर भागने की सूचना प्राप्त हुई थी। इस मामले में थाना एत्मादौला में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वहीं दूसरी घटना 16 मार्च 2026 को सामने आई, जिसमें जेनेरिक फैक्ट्री से अज्ञात चोरों द्वारा करीब 20 बोरी एल्यूमीनियम स्क्रैप चोरी कर लिया गया था।
इन घटनाओं के खुलासे के लिए थाना एत्मादौला पुलिस ने टीम गठित कर सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से जांच शुरू की। 29 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर तीनों आरोपियों—श्याम, अनुज और विष्णु को एफडीआई नगर क्षेत्र के सहकारी खाद्यान्न गोदाम के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी भूपेंद्र चौहान के साथ मिलकर फैक्ट्री का ताला तोड़कर एल्यूमीनियम स्क्रैप चोरी किया था और उसे इलेक्ट्रिक ऑटो में भरकर बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान और वाहन बरामद कर लिया है। साथ ही एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जो पूर्व में चोरी किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों में दीपक चौहान, अनुज पुंडीर उर्फ मुल्लू और विष्णु चौहान शामिल हैं, जो आगरा के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, इन अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और इनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।