आगरा से नोएडा जा रही बस में यमुना एक्सप्रेस वे पर लगी भीषण आग 48 सवारियां थी बस में मच गई चीख पुकार ताजमहल देखने के बाद जा रहे थे दिल्ली
आगरा से यमुना एक्सप्रेस वे होकर नोएडा जा रही एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई. आग की घटना मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र अंतर्गत एक्सप्रेस वे पर हुई. बस में 48 सवारियां सवार थी. आग लगने के बाद चीख पुकार मच गई. पुलिस ने समय रहते जलती बस में से यात्रियों को बाहर निकाला. पल भर में ही बस आग का गोला बन गई।
पुलिस के अनुसार बस के अचानक धुआं उठता देख गांव कटैलिया निवासी यशपाल ने तुरंत फोन के माध्यम से सूचना दी. बस में आग लगने के बाद यात्रियों में चीख पुकार मचने लगी और वो इधर से उधर भागने लगे. सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा और बिना समय गंवाए रेस्क्यू किया गया. पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की तत्परता के साथ मिलकर बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. दमकल को मौके पर बुलाया गया. लेकिन कुछ देर में ही बस आग का गोला बन गई और आग ने विकराल रूप ले लिया. इससे यहां से गुजर रहे वाहनों के पहिए भी थम गए. जब तक बस पर काबू पाया जाता तब तक बस पूरी जलकर राख हो गई. पुलिस के अनुसार बस में सवार सभी लोग ताजमहल देखने के बाद आगरा से दिल्ली लौट रहे थे. हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है. दूसरी बस से सभी को रवाना किया गया है. आग के कारणों की जांच की जा रही है।