जीरो टॉलरेंस की जीत: सहारनपुर पुलिस ने उजागर किया जघन्य अपराध, 4 गिरफ्तार
यूपी:-सहारनपुर पुलिस ने एक जघन्य अपराध का अनावरण कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस अपराध में एक व्यक्ति की हत्या कर उसके शव को जलाने की घटना शामिल है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन भी बरामद किया है।
अनावरण के अनुसार, अभियुक्त के विरुद्ध देहरादून में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज था, जिसमें उसके अधिवक्ता द्वारा आजीवन कारावास की सजा होने की संभावना व्यक्त की गई थी। इसी कारण अभियुक्त ने स्वयं की मृत्यु प्रदर्शित कर मुकदमे से बचने की योजना बनाई और अपने सहयोगियों के साथ कार में अपने कर्जदार की गला घोंटकर हत्या करने के उपरांत पेट्रोल छिड़क कर शव को कार सहित जला दिया।
लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने इस षड्यंत्र को विफल कर दिया। पुलिस की जांच में पता चला है कि अभियुक्त ने अपने परिजन को फोन कर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए कहा, ताकि यह प्रतीत हो कि उसकी मृत्यु हो चुकी है। लेकिन पुलिस ने समय रहते इस षड्यंत्र का भंडाफोड़ कर दिया और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।