आगरा में 7 साल की मासूम की हत्या ने शहर को झकझोरा, पुलिस पर उठे सवाल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 26 मार्च 2026

आगरा में 7 साल की मासूम की हत्या ने शहर को झकझोरा, पुलिस पर उठे सवाल

आगरा में 7 साल की मासूम की हत्या ने शहर को झकझोरा, पुलिस पर उठे सवाल

आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र की नीति बाग चौकी इलाके में 7 साल की मासूम प्रज्ञा की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। घर के बाहर खेल रही बच्ची के अपहरण के करीब 24 घंटे बाद उसका शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और फतेहाबाद रोड पर भारी जाम लगा दिया गया। आक्रोशित भीड़ पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रही है। भीड़ ने पथराव कर कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी कर दी है। स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस को लाठी फटकारनी पड़ी है।

परिजनों का आरोप है कि बच्ची के अपहरण की सूचना उसी दिन पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। यदि पुलिस तत्परता दिखाती, इलाके की तुरंत घेराबंदी करती और संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ करती, तो शायद मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

पुलिस की असफलता पर उठे गंभीर सवाल हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि बच्ची के अपहरण की सूचना समय पर पुलिस को मिल गई थी, फिर भी तत्काल ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई? इलाके की तुरंत घेराबंदी, सीसीटीवी खंगालने, संदिग्धों की निगरानी और चौकियों को अलर्ट करने में देरी क्यों हुई?

हत्या की वजह अब तक साफ नहीं है, पड़ोसी युवक पर शक है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और पूछताछ जारी है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस की जांच में एक पड़ोसी युवक संदेह के घेरे में है, हालांकि अभी आधिकारिक रूप से किसी गिरफ्तारी या खुलासे की पुष्टि नहीं की गई है।

video

Pages