महिलाओं और युवतियों को खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 'अस्मिता लीग' का आयोजन 8 मार्च को
माय भारत के तत्वावधान में एकलव्य स्पोर्ट्स अकादमी पर महिला सशक्तिकरण का होगा मेगा इवेंट, युवा माय भारत पोर्टल पर करें रजिस्टर
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आगरा की 1000 युवतियां लेंगी भाग, होंगी 09 दौड़ प्रतियोगिताएं
आगरा:-माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के शुभ अवसर पर 08 मार्च 2026 को प्रातः 09:00 बजे एकलव्य स्पोर्ट्स अकादमी, आगरा में “अस्मिता लीग” का आयोजन किया जाएगा। इस खेल प्रतियोगिता में जिला आगरा की लगभग 1000 महिला प्रतिभागी भाग लेंगी।
इस आयोजन में प्रतिभागियों को तीन आयु वर्गों में प्रतियोगिता का अवसर दिया जाएगा, जिनमें अंडर-13 वर्ष, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग शामिल हैं। प्रत्येक आयु वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस प्रकार कुल 9 दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सभी युवा माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करके भाग ले सकते हैं। आयोजकों द्वारा सभी से अपील की गई है कि वे इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लें और इस आयोजन को सफल बनाएं।