आगरा में चांदी के जेवरात गबन मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार
आगरा में चांदी के जेवरात गबन करने के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को उसके घर से दबोचा गया है। पुलिस ने मामले में पहले ही एक आरोपी को चांदी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
23 मई 2025 को एक ज्वैलर ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह चांदी के जेवरात बनाकर उनकी सफाई का काम ऐवरन सिंह उर्फ भोला से करवाता था। 17 मई की शाम उसने करीब 18 किलो 152 ग्राम चांदी के जेवरात साफ कराने के लिए ऐवरन सिंह को फोन किया। ऐवरन सिंह ने बताया कि उसका कारीगर राज जेवरात लेने आएगा। कुछ देर बाद राज नाम का युवक पहुंचा तो ज्वैलर ने फोन कर पुष्टि की। ऐवरन सिंह के कहने पर उसने चांदी के जेवरात राज को दे दिए। लेकिन बाद में ऐवरन सिंह ने फोन कर पूछा कि राज अभी तक जेवरात लेकर नहीं पहुंचा। यह सुनकर ज्वैलर के होश उड़ गए। वह अपने बेटों के साथ ऐवरन सिंह के कारखाने पहुंचा, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। मामले की जांच के दौरान 19 जुलाई 2025 को पुलिस ने आरोपी राज को करीब 9 किलो चांदी के साथ गिरफ्तार कर लिया था।