आगरा पुलिस कमिश्नरेट में हैण्डबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
आगरा पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार (IPS) के निर्देशन में अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित 04 दिवसीय उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक तृतीय अन्तर जोनल हैण्डबॉल कलस्टर (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता वर्ष-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया।
प्रतियोगिता में 11 जोन की टीमें शामिल
प्रतियोगिता में कुल 11 जोन की टीमें शामिल हुईं, जिनमें आगरा, बरेली, गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी, पीएसी मध्य, पीएसी पूर्वी और पीएसी पश्चिमी जोन शामिल हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खेल के प्रति उत्साह, उमंग एवं खेल भावना का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
अपर पुलिस आयुक्त ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई
उपरोक्त 11 टीमों के प्रतिभागी खिलाड़ियों द्वारा 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा के बैंड के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। अपर पुलिस आयुक्त द्वारा सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की शपथ दिलाई गई।
उद्घाटन मैच में लखनऊ जोन व वाराणसी जोन के बीच खेला गया मैच
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच हैण्डबॉल पुरुष वर्ग में लखनऊ जोन व वाराणसी जोन की टीमों के मध्य खेला गया, जिसमें लखनऊ जोन की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वाराणसी जोन को 24-20 के अंतर से पराजित कर शानदार विजय प्राप्त की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया एवं उन्हें बेहतर प्रदर्शन हेतु प्रेरित किया गया।