एत्मादपुर में स्कूल बस की टूटी फर्श और लापरवाही के चलते गई थी नौ वर्षीय छात्रा की जान, उस मामले में वांछित चल रहे प्रबन्धक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
एत्मादपुर समस्त पुलिस टीम की बेहतरीन कार्रवाई से स्कूल प्रबन्धक भी अरेस्ट
जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- जिले के थाना एत्मादपुर पुलिस टीम ने मुकदमे में वांछित चल रहे एक स्कूल प्रबन्धक को मुखबिर की सूचना पर जनपद फिरोजाबाद से गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि भागूपुर स्थित आरबीएस हायर सेकेंडरी स्कूल में चलने वाली जर्जर बस से घर लौटते समय बस से गिरकर एक नौ वर्षीय छात्रा नैना की जान गई थी। जिसमें स्कूल प्रबन्धक व बस चालक की घोर लापरवाही सामने आई थी। जिसके चलते छात्रा नैना की मृत्यु हो गई थी। इसी सम्बन्ध में छात्रा के पिता की तहरीर पर चालक व प्रबंधक के विरुद्ध मुकद्दमा पंजीकृत कराया था। जिसमें पुलिस टीम दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी। चालक नरेंद्र को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पता चला है कि थाना एत्मादपुर पर दर्ज मुकदमा संख्या- 86/2026 धारा 281/125(बी) 106(1) बीएनएस पंजीकृत हुआ था। जिसमें एक आरोपी स्कूल प्रबन्धक फरार चल रहा था। उल्लिखित घटना में संलिप्त आरोपी की तलाश हेतु थाना एत्मादपुर पर उच्चाधिकारियों के आदेश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया था। गठित टीमों द्वारा 19 मार्च को मुखबिर की सूचना पर मुकदमे में वांछित चल रहे स्कूल प्रबन्धक कृपाल सिंह को जनपद फिरोजाबाद क्षेत्र से घेराबंदी कर नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है।