यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा: दरोगा भर्ती परीक्षा देने जा रहे दो युवक कार की टक्कर से गंभीर घायल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 15 मार्च 2026

यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा: दरोगा भर्ती परीक्षा देने जा रहे दो युवक कार की टक्कर से गंभीर घायल

यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा: दरोगा भर्ती परीक्षा देने जा रहे दो युवक कार की टक्कर से गंभीर घायल

आगरा:-यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार की सुबह एक तेज रफ्तार कार के कहर ने दो परीक्षार्थियों के सपनों की उड़ान पर ब्रेक लगा दिया। सब इंस्पेक्टर (SI) की परीक्षा देने जा रहे बाइक सवार दो युवक कार की जोरदार टक्कर से लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर पहुंची खंदौली पुलिस और एक्सप्रेस-वे पेट्रोलिंग टीम ने आनन-फानन में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

मथुरा से एटा जा रहे थे परीक्षार्थी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद मथुरा के थाना बलदेव अंतर्गत ग्राम घड़ी महराम (पोस्ट संजा) निवासी योगेश पुत्र विजयपाल और अतुल पुत्र सोनवीर रविवार सुबह अपनी बाइक से एटा परीक्षा केंद्र जा रहे थे। दोनों युवक दरोगा भर्ती की परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए निकले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

टक्कर के बाद कार चालक फरार

जैसे ही उनकी बाइक खंदौली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर पहुँची, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही खंदौली थाना पुलिस और एक्सप्रेस-वे की राहत टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया। पुलिस का कहना है कि एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाली कार और उसके चालक की पहचान कर उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके।

video

Pages