आगरा में पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
आगरा में पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपर पुलिस आयुक्त द्वारा रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित 2 दिवसीय अंतर जनपदीय आगरा जोन की द्वितीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर (हैंडबॉल व बास्केटबॉल) महिला/पुरुष प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया।
इस प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खेल के प्रति उत्साह, उमंग एवं खेल भावना का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। इस दौरान कमिश्नरेट आगरा, जनपद अलीगढ़, मैनपुरी, हाथरस, मथुरा, कासगंज, फिरोजाबाद टीमों के प्रतिभागी खिलाड़ियों द्वारा 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा के बैंड के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया।
अपर पुलिस आयुक्त द्वारा सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच कमिश्नरेट आगरा एवं जनपद मैनपुरी की टीमों के मध्य खेला गया, जिसमें कमिश्नरेट आगरा की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मैनपुरी को 13-01 के बड़े अंतर से पराजित कर शानदार विजय प्राप्त की।
अपर पुलिस उपायुक्त द्वारा बताया गया कि ऐसे खेल आयोजनों से न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है, बल्कि पुलिस बल के मध्य आपसी समन्वय, अनुशासन एवं टीम भावना भी सुदृढ़ होती है। खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।