फतेहाबाद पुलिस की बड़ी सफलता: थ्रेशर मशीन चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, ट्रैक्टर भी बरामद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 25 मार्च 2026

फतेहाबाद पुलिस की बड़ी सफलता: थ्रेशर मशीन चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, ट्रैक्टर भी बरामद

फतेहाबाद पुलिस की बड़ी सफलता: थ्रेशर मशीन चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, ट्रैक्टर भी बरामद


जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:-आगरा पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना फतेहाबाद पुलिस और पूर्वी जोन की सर्विलांस टीम ने एक संयुक्त अभियान चलाकर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। उसके कब्जे से चोरी की गई थ्रेशर मशीन और घटना में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर बरामद किया गया है।

क्या था मामला?

जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने 25 मार्च 2026 को थाना फतेहाबाद में तहरीर दी थी कि 13 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने उसके घर के पास से गेहूं/सरसों कूटने वाला कटर (थ्रेशर मशीन) चोरी कर लिया था। पुलिस ने तत्काल मुकद्दमा संख्या- 78/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस उपायुक्त (पूर्वी जोन) अभिषेक अग्रवाल और सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद के निर्देशन में टीमों का गठन किया गया। बुधवार को चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध अभियुक्त बाह रोड स्थित चौहान ढाबे के पास खड़े हैं। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर रवि पुत्र भूरेलाल (निवासी ग्राम मल्लापुरा) को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसका एक साथी नन्दा उर्फ नरेन्द्र अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।


पूछताछ में कबूला जुर्म

पकड़े गए अभियुक्त रवि ने पूछताछ में बताया कि उसने 13 मार्च को अपने साथी नन्दा के साथ मिलकर ग्राम मल्लापुरा से यह कटर चोरी किया था। बुधवार को वे इसे बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने अभियुक्त के पास से 1 अदद कटर (थ्रेशर मशीन) 1 अदद ट्रैक्टर बरामद किया है। पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बी.एन.एस. की वृद्धि की है।फरार अभियुक्त नन्दा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।


इस सफल अनावरण में प्रभारी निरीक्षक तरुण धीमान (थाना फतेहाबाद), एसआई सचिन तोमर (प्रभारी सर्विलांस सेल), एसआई शैलेंद्र कुमार, एसआई योगेंद्र कुमार, एसआई अखिलेश कुमार, एसआई रविंद्र पंवार, एसआई श्रीकान्त वर्मा समेत सर्विलांस टीम के मुख्य आरक्षी ऋषिपाल सिंह, महेंद्र सिंह व अन्य शामिल रहे।

video

Pages