आगरा में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर ट्रैक्टर ट्रॉली में लगी आग, एक घायल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 26 मार्च 2026

आगरा में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर ट्रैक्टर ट्रॉली में लगी आग, एक घायल

आगरा में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर ट्रैक्टर ट्रॉली में लगी आग, एक घायल

आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र के फिरोजाबाद बाईपास स्थित कैलादेवी स्टोरेज के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। ट्रॉली विद्युत हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गई, जिससे चिंगारी उठी और देखते ही देखते ट्रॉली में भीषण आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉली ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे तेज चिंगारी निकली और आलू के बोरे आग पकड़ते चले गए। कुछ ही पलों में पूरी ट्रॉली धू-धू कर जलने लगी। आग की वजह से बोरियों से आलू ट्रॉली से नीचे गिर रहे थे।

हादसे के वक्त ट्रैक्टर ट्रॉली में पांच लोग सवार थे, जिन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि, इस दौरान एक मजदूर घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।

बताया जा रहा है कि ट्रॉली में करीब 150 बोरी आलू भरे हुए थे, जिनमें से कई बोरियां जलकर राख हो गईं, जिससे किसान और मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलते ही थाना फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और विद्युत विभाग की लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है।

video

Pages