आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई,गांजा तस्कर गिरफ्तार
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने शनिवार को अवैध गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने कुल 20.615 किलोग्राम गांजा बरामद किया और दो तस्करों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई रेलवे मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
पुलिस ने बताया कि बरामद गांजा दो बैग में रखा गया था और इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा पकड़ना यह दशार्ता है कि तस्करों का गिरोह बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने मौके पर विनय प्रताप और अनिल को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पता चला कि ये दोनों आरोपी रेलवे मार्ग के जरिए अवैध गांजा लेकर जा रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, दोनों पहले भी नशे की तस्करी में संलिप्त रह चुके हैं और उनके अन्य सहयोगियों तक पहुंचने के लिए आगे की जांच जारी है। गिरफ्तारियों के खिलाफ जीआरपी ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।