आगरा में आर्ष विद्या समाजम ने राज्यसभा सांसद नवीन जैन से की मुलाकात, उठाए धर्म परिवर्तन और लव जिहाद के मुद्दे
आगरा में आर्ष विद्या समाजम के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद नवीन जैन से मुलाकात कर देश में धर्म परिवर्तन, लव जिहाद और समाज में बढ़ती चुनौतियों से जुड़े मुद्दों को विस्तार से उठाया। प्रतिनिधियों ने बताया कि उनकी संस्था देशभर में उन लोगों को पुनः सनातन धर्म में वापस लाने का कार्य कर रही है, जो किसी कारणवश धर्म परिवर्तन कर चुके हैं।
उन्होंने विशेष रूप से केरल की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां वामपंथी सरकार के कारण हिंदू समाज स्वयं को असुरक्षित महसूस करता है। उन्होंने यह भी कहा कि केरल में लव जिहाद के माध्यम से युवतियों को बहला-फुसलाकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जाता है और बाद में उन्हें विभिन्न प्रकार की यातनाओं का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधियों ने कहा कि उनकी संस्था का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म की शिक्षा और प्रचार करना है। संस्था द्वारा आध्यात्मिक व सांस्कृतिक प्रशिक्षण कोर्स, योग व काउंसलिंग भी संचालित किए जाते हैं। साथ ही लोगों को “धर्म के सही मार्ग” पर लाने तथा समाज को धार्मिक कट्टरता से बचाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं।