पढ़ने की उम्र में चोरी: नाबालिगों ने की थी बन्द घर से चोरी, ट्रांस यमुना पुलिस टीम ने किया खुलासा
जनपद आगरा मुनीष अल्वी:-जिले की थाना ट्रांस यमुना पुलिस टीम ने बन्द घर से हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। बंद घर में चोरी करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर 5 बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया गया है ।
जानकारी के मुताबिक,10 मार्च को वादी द्वारा थाना ट्रांस यमुना पर सूचना दी गयी कि वादी 7 मार्च को सपरिवार अपने गांव गया हुआ था, जब अपने गांव से लौटकर कर आया तो वादी के घर का ताला टूटा हुआ था एवं अलमारी में रखे सोने चांदी के आभूषण व रुपये गायब थे व अन्य सामान बिखरा पड़ा था, अज्ञात चोरों द्वारा वादी के घर से चोरी कर ली गयी थी।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त मोनू पुत्र थान सिंह को 80 फुटा रोड पर जैन मन्दिर के पास खण्डहर पड़े काशीराम योजना के फ्लैट के पास से गिरफ्तार किया गया एवं 05 बाल अपचारियों को भी पुलिस टीम द्वारा पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बजरंग नगर कालिन्दी बिहार में एक बंद मकान में घुसकर चोरी की थी, चोरी में अभियुक्त को सोने-चांदी के आभूषण मिले थे, आज अभियुक्त व अभियुक्त के सभी साथी चोरी किये गये सामान का आपस में बंटवारा करने आये थे।
पुलिस टीम ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद किये हैं, जिनमें 02 अंगूठी पीली धातु, 06 टुकड़े पीली धातु, 04 पायल सफेद धातु, 02 कड़े सफेद धातु, 03 सिक्के सफेद धातु, 03 जोड़ी बिछुए सफेद धातु, 02 लॉकेट पीली धातु, 01 चैन पीली धातु, 01 जोड़ी टॉप्स पीली धातु व 520/- रुपये शामिल हैं।