आगरा की यूनिवर्सिटी में शुरू होगा साइबर सुरक्षा पर व्यावसायिक पाठ्यक्रम. आईआईटी कानपुर के सहयोग से सिलेबस शुरू करने के प्रस्ताव पर हुई चर्चा
आगरा:-डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा में साइबर सुरक्षा (Cybersecurity) के क्षेत्र में व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रारम्भ करने के संबंध में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस, स्वामी विवेकानंद परिसर, खंदारी में संपन्न हुई। बैठक में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के सहयोग से साइबर सुरक्षा विषय में व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रारम्भ करने के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल से लैस करना तथा उन्हें उभरते हुए साइबर सुरक्षा क्षेत्र में बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर आईआईटी कानपुर से सुश्री नेहा बैठक में उपस्थित रहीं और उन्होंने संभावित सहयोग, पाठ्यक्रम संरचना तथा प्रशिक्षण की रूपरेखा के संबंध में अपने विचार साझा किए। बैठक में प्रो. संजय चौधरी, प्रो. शरद चंद्र उपाध्याय, प्रो. अनिल गुप्ता, कुलसचिव तथा इन्क्यूबेशन मैनेजर योगेश तोमर भी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को विद्यार्थियों के भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसे शीघ्र प्रारम्भ करने पर सहमति व्यक्त की। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय और आईआईटी कानपुर के सहयोग से इस पाठ्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देकर जल्द ही इसे लागू करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।