आगरा में आलुओं की माला पहनकर सपाइयों ने किया एक्सप्रेस वे पर प्रदर्शन. एक लेन रोकी तो पुलिस से हुई नोकझोंक
आगरा:-आलू की इस बार बंपर पैदावार हुई है लेकिन इसके दामों में लगातार कमी आ रही है जिसके कारण किसानों में टेंशन छाई हुई है. इसी को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने यमुना एक्सप्रेस वे पर जाकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की. उन्होंने आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग की और एक लाइन को आलू के कट्टे डालकर अवरुद्ध कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस की इसको लेकर नोकझोंक भी हो गई।
सोमवार दोपहर को सपा कार्यकर्ताओं ने यमुना एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया. सपा के जिलाध्यक्ष उदल सिंह कुशवाह और पूर्व जिलाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह के नेतृत्व में सपाइयों ने यहां प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. टोल की एक लाइन नंबर नौ पर आलू के कट्टे फैला दिए जिससे वाहनों की आवाजाही इस लाइन पर रुक गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. इसको लेकर नोकझोंक हुई लेकिन बाद में सपाइयों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा. एसडीएम एत्मादपुर और एसीपी एत्मादपुर भी मौके पर पहुंच गए।