आगरा से उज्जैन और इंदौर के लिए वंदे भारत ट्रेन की मांग
आगरा के राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को पत्र लिखकर आगरा से मध्यप्रदेश के उज्जैन और इंदौर के लिए नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि आगरा में बड़ी संख्या में शिवभक्त रहते हैं और उज्जैन में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है।
सांसद नवीन जैन ने पत्र में उल्लेख किया है कि आगरा, इंदौर और उज्जैन के बीच व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या भी निरंतर बढ़ती जा रही है। वर्तमान में इस मार्ग पर तेज और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों और श्रद्धालुओं को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने रेल मंत्री से अनुरोध किया है कि श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगरा से इंदौर/उज्जैन मार्ग पर प्रातः आगरा से इंदौर तथा सायंकाल इंदौर से आगरा के लिए वंदे भारत ट्रेन संचालित कराने की व्यवस्था की जाए। इससे बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।