आगरा नगर निगम में बढ़ी पार्षदों की संख्या, 10 मनोनीत पार्षदों ने ली शपथ
आगरा। नगर निगम चुनाव के तीन साल बाद आगरा नगर निगम में पार्षदों की संख्या बढ़कर 110 हो गई है। शासन द्वारा 10 नए पार्षद मनोनीत किए जाने के बाद गुरुवार को नगर निगम सदन कक्ष में उनका शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने सभी नव-मनोनित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सदन कक्ष को विशेष रूप से सजाया गया था और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गईं।
शपथ लेने वाले पार्षदों में संजय राय, अमित अग्रवाल पारुल, सुषमा जैन, जितेंद्र सविता, सुनील कर्मचंदानी, पंकज सिकरवार, धर्मवीर सिंह सिकरवार, नितीश भारद्वाज, हरिओम बघेल और राहुल वाल्मीकि शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान महापौर ने कहा कि मनोनीत पार्षदों के शामिल होने से सदन की क्षमता और प्रभावशीलता बढ़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पार्षद मिलकर शहर की जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि शपथ ग्रहण के साथ ही सभी पार्षद अब आधिकारिक रूप से नगर निगम सदन का हिस्सा बन गए हैं और वे नगर निगम की कार्यप्रणाली में सक्रिय योगदान देंगे।
अब नगर निगम के 100 वार्डों के साथ कुल 110 पार्षदों के जुड़ने से शहर के विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।