शादी सीजन में बड़ा खुलासा: आगरा में 1270 किलो बदबूदार खोआ जब्त, मौके पर नष्ट
आगरा में शादियों के सीजन के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग (एफएसडीए) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1270 किलो खराब और बदबूदार खोआ जब्त कर उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया। यह खोआ धौलपुर से सप्लाई के लिए लाया जा रहा था और मिठाइयों में इस्तेमाल होना था।
मंगलवार को सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) के निर्देशन में शहीद नगर पुलिस चौकी के पास एक बोलेरो मैक्स (UP 82 AT 4996) को रोककर औचक निरीक्षण किया गया। वाहन में सवार खाद्य कारोबारी बीपी सिंह, निवासी नदौरा, राजाखेड़ा, धौलपुर (राजस्थान) द्वारा परिवहित खोए की जांच की गई। मौके पर एफएसडब्ल्यू (Food Safety on Wheels) वैन के माध्यम से की गई त्वरित जांच में खोया निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।
जांच के दौरान खोए से तेज दुर्गंध आ रही थी और उस पर मक्खियां भिनभिना रही थीं। साथ ही यह भी पाया गया कि खोए का भंडारण पूरी तरह अस्वच्छ और अनुपयुक्त परिस्थितियों में किया गया था। नियमानुसार खोए के दो नमूने लेकर परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
वाहन में 70-70 किलो की कुल 18 डलियां बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 1270 किलो था। इस खोए की कीमत ₹210 प्रति किलो के हिसाब से करीब ₹2,64,600 आंकी गई। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पूरे खोए को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंद्र विजय सिंह, जितेंद्र कुशवाहा, कृष्ण चंद्र, राकेश कुमार और खाद्य सहायक राम किशन शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।