किराये पर गाड़ियां लगाने के नाम पर ठगी करने वाले 2 अभियुक्त गिरफ्तार, 12 कारें बरामद
आगरा। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने किराये पर गाड़ियां लगाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 12 कारें, एक मोबाइल फोन और कूटरचित दस्तावेज बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी द्वारा थाना ट्रांस यमुना में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि आरोपियों ने गाड़ी किराये पर लगाने के नाम पर उसे झांसे में लेकर वाहन अपने कब्जे में ले लिया और बाद में किराया देना बंद कर दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी इसी तरह कई लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं और गाड़ियों को गिरवी रखकर मोटी रकम वसूलते थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 12 कारें, एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड की प्रतियां, स्टाम्प पेपर, 11 कारों की चाबियां सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को 25 से 30 हजार रुपये मासिक आय का लालच देकर गाड़ियां किराये पर लेते थे और बाद में फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें गिरवी रख देते थे। इसके बाद प्राप्त रकम को आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार,उपनिरीक्षक विक्रम सिंह,उपनिरीक्षक अमित कुमार,उपनिरीक्षक लविश नागर,उपनिरीक्षक मोहित कुमार,कांस्टेबल लोकेश कुमार,कांस्टेबल शिवकेश
कांस्टेबल अभिषेक कुमार मौजूद रहे।