आगरा में सपा की पीडीए बैठक: 2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश, संगठन मजबूती पर जोर
जनपद आगरा:-शहर के नाला महावीर मंटोला क्षेत्र में समाजवादी पार्टी द्वारा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय लोगों की उपस्थिति देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी द्वारा चलाया जा रहा पीडीए अभियान अब जन-जन तक पहुंच चुका है और इसका असर प्रदेश की राजनीति में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि पीडीए की आंधी अब चल पड़ी है, जो आने वाले समय में एक बड़े जनआंदोलन का रूप लेगी।
शब्बीर अब्बास ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी मजबूती के साथ यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग पार्टी से जुड़ सकें।
बैठक के दौरान वरिष्ठ सपा नेता नितिन कोहली, विनय अग्रवाल, युवा नेता भोलू कुरैशी, चांद कुरैशी, मोहम्मद आरिफ और इमरान कुरैशी सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा की और कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को व्यापक समर्थन मिलेगा और पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।