शमसाबाद में घर में हुई चोरी का खुलासाः पुलिस ने 24 घंटे में शातिर आरोपी को दबोचा, 6 मोबाइल बरामद
आगरा के शमसाबाद थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक घर में हुई चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर अनावरण कर दिया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से चोरी किए गए 6 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, बीते 13 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने शमसाबाद कस्बे के गोपालपुरा बिजलीघर के सामने स्थित एक घर को निशाना बनाया था। चोरों ने घर से 5 मोबाइल, सोने की 6 अंगूठी, झुमकी, कुंडल और तोड़िया समेत भारी मात्रा में जेवरात और ₹78,500 की नगदी चोरी कर ली थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना शमसाबाद में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी सुरेंद्र राव ने पुलिस टीमों का गठन किया। बुधवार को जब पुलिस टीम वांछित अपराधियों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर की सटीक सूचना पर इरादतनगर बाईपास रोड से अभियुक्त शाहरुख उर्फ लोहरे को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्त शाहरुख उर्फ लोहरे निवासी गढ़ी शकन ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथी गोपाल (निवासी मिढाकुर) और एक अन्य युवक के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था। बंटवारे के दौरान गोपाल ने उसे 6 मोबाइल दिए थे, जबकि जेवरात और नकदी लेकर गोपाल और उसका दूसरा साथी फरार हो गए। शाहरुख इन मोबाइलों को बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।