आगरा में रुनकता चोरी कांड का खुलासा: शातिर आरोपी गिरफ्तार, जेवरात-नकदी व मोबाइल बरामद
आगरा में थाना सिकंदरा पुलिस और सर्विलांस सेल (नगर जोन) की संयुक्त टीम ने रुनकता क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, एक महंगा सैमसंग फोल्ड मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
यह वारदात 20 मार्च 2026 की रात को रुनकता इलाके में हुई थी। पीड़ित ने 21 मार्च को थाना सिकंदरा में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि अज्ञात चोर उसके घर में घुसकर अलमारी से जेवरात चोरी कर ले गए। इस पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। 14 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सींगना कट के पास से आरोपी महावीर पुत्र नारायण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से जऊपुर, थाना सिकंदरा का निवासी है और वर्तमान में फतेहाबाद रोड, ताजगंज क्षेत्र में रह रहा था।
पूछताछ में महावीर ने कबूल किया कि उसने अपने साथी सलीम और साहिल पुत्र सकुरुद्दीन के साथ मिलकर रुनकता में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोरी के बाद सलीम जेवरात महावीर के पास ही छोड़ गया था। पुलिस के अनुसार, सलीम का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले जेल जा चुका है।
आरोपी ने यह भी बताया कि बरामद सैमसंग फोल्ड मोबाइल फोन उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 27/28 मार्च की रात नगला पटीराम, बिचपुरी क्षेत्र (थाना जगदीशपुरा) से चोरी किया था। बरामद 1200 रुपये नकद भी उसकी पूर्व में की गई चोरियों की बची हुई रकम है।
बरामद सामान में सोने के मांग टीका, मंगलसूत्र, चैन, नाक की पिन, चार अंगूठियां, दो जोड़ी टॉप्स तथा चांदी की एक जोड़ी पायल शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महावीर का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ आगरा के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार त्रिपाठी, सर्विलांस प्रभारी अभिषेक कुमार तिवारी सहित पुलिस टीम के कई सदस्य शामिल रहे। रुनकता चौकी इंचार्ज नीलेश शर्मा ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है, वहीं अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।