शराब दुकान में चोरी का 24 घंटे में खुलासा: सेल्समैन निकला मास्टरमाइंड, साथी समेत गिरफ्तार
आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शराब की दुकान में हुई चोरी का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में चौंकाने वाली बात यह रही कि दुकान पर काम करने वाला सेल्समैन ही चोरी का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने उसे उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
घटना ग्राम नगला स्थित एक कम्पोजिट शराब की दुकान की है, जहां 13 अप्रैल को दुकान मालिक ने सूचना दी कि गल्ले से करीब 71 हजार रुपये नकद और एक पेटी सहित 10 क्वार्टर अंग्रेजी शराब चोरी हो गई है। तहरीर के आधार पर थाना सिकंदरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से अहम सूचना मिली, जिसके आधार पर 14 अप्रैल को नगला कट के पास से दो आरोपियों अजय पुत्र सुरेश चंद्र और रहीशपाल उर्फ पिंटू पुत्र तारासिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी थाना खेरागढ़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पूछताछ में आरोपी अजय ने खुलासा किया कि वह उसी शराब की दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत था और उसने अपने साथी रहीशपाल, जो पास की कैंटीन में काम करता है, के साथ मिलकर 11/12 अप्रैल की रात को चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी किए गए अधिकांश रुपये आरोपियों ने जुए में हार दिए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पास की झाड़ियों से 58 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद की है, जबकि उनके कब्जे से पहले ही 5 हजार रुपये नकद बरामद किए जा चुके थे।
इस सफल कार्रवाई में थाना सिकंदरा प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में उपनिरीक्षक नीरज शर्मा, विकास शुक्ला, पवन कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल महेश कुमार, अनिल कुमार, कांस्टेबल रविकांत और सूरज सिंह शामिल रहे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की आगे की जांच जारी है।