17 साल का रिश्ता टूटा, प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह: पत्नी और प्रेमी की वजह से पति ने दी जान, दोनों गिरफ्तार
फिरोजाबाद में एक महिला 9 दिन पहले अपने प्रेमी के साथ भाग गई. पति ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन इसके बाद भी वह नहीं समझी. प्रेमी की लगातार धमकियां मिलने से परेशान पति ने सोमवार को आत्महत्या कर ली. उसका शव गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला. पुलिस ने इस मामले में अब मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को अरेस्ट कर लिया है।
घटना गढ़ी भाऊ की है. यहां रहने वाले भीकम सिंह ने बताया कि उनके बेटे रविंद्र की शादी 17 साल पहले गौरी से हुई थी. शादी से इनके तीन बच्चे भी हैं. धीरपुरा में रहने वाला अरविंद का इनके घर पर आना जाना था और वह गौरी को अपनी मौसी कहता था लेकिन गौरी और अरविंद के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. 6 अप्रैल की रात को अरविंद गौरी को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया. 12 अप्रैल को गौरी घर लौटी. पति सहित परिवार के लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की लेकिन वह अरविंद को छोड़ने को तैयार नहीं हुई. इधर अरविंद भी रविंद्र को लगातार धमकी दे रहा था. इससे परेशान होकर रविंद्र ने गांव के बाहर पेड़ पर लटककर आत्महत्या कर ली।
रविंद्र के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और करीब छह घंटे तक शव को पेड़ से उतरने नहीं दिया. तहरीर के आधार पर पुलिस ने पत्नी गौरी, अरविंद, पुष्पेंद्र और बृजेश के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने मंगलवार को अरविंद और पत्नी गौरी को अरेस्ट कर लिया है।