24 घंटे में चोरी का खुलासा, फतेहाबाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा
आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा माल भी बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा फतेहाबाद की पुरानी गल्ला मंडी निवासी अनुज गुप्ता ने रविवार रात अपने घर में चोरी होने की सूचना थाना फतेहाबाद में दी थी। अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसा और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया था। सूचना पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी तरुण धीमान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज गुप्ता पुत्र मनोज गुप्ता, निवासी पुरानी गल्ला मंडी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसकी आटा चक्की से चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद किया।
बरामद सामान में सोने के कंगन, अंगूठियां, चेन, कान के कुंडल और चांदी के सिक्के शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।