आगरा दीवानी पार्किंग में खड़ी कार में लगी आग, कूड़े के ढेर से उठी चिंगारी बनी वजह
आगरा के दीवानी कोर्ट परिसर में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्किंग में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के पास ही पड़े कूड़े के ढेर में पहले से सुलग रही चिंगारी ने देखते ही देखते आग का रूप ले लिया और पास खड़ी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
कार में आग लगते ही पार्किंग में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग तुरंत अपने-अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर हटाने लगे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है।
गौरतलब है कि शहर में बढ़ती गर्मी के साथ आग लगने की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। हाल ही में एक जूते के सोल बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई थी, वहीं शिकोहाबाद की सब्जी मंडी में भी भीषण आग से करीब 50-60 दुकानें जलकर राख हो गई थीं।
प्रशासन और दमकल विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतें, खासकर कूड़े के ढेर, ज्वलनशील पदार्थों और पार्किंग स्थलों के आसपास सतर्कता रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।