लोन दिलाने के नाम पर महिलाओं से ठगी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना एकता पुलिस ने गांव की महिलाओं से लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने सामूहिक बिजनेस शुरू कराने और आसान लोन दिलाने का झांसा देकर महिलाओं से पैसे ऐंठे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादिया ने थाना एकता में सूचना दी कि अप्रैल माह की शुरुआत में गांव में दो अज्ञात व्यक्तियों ने प्रचार-प्रसार कर महिलाओं को लोन दिलाने का लालच दिया। आरोपियों ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उन्हें जल्द ही 60,000 रुपये का लोन मिल जाएगा।
इस झांसे में आकर 15 अप्रैल 2026 को गांव की कई महिलाएं आरोपियों द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचीं, जहां प्रत्येक महिला से 3,000 रुपये लेकर रसीद काटी गई। आरोपियों ने शाम तक खाते में लोन की रकम आने का आश्वासन दिया, लेकिन पैसा नहीं आया। इसके बाद महिलाओं को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ।
मामले की शिकायत पर थाना एकता में मु0अ0सं0 161/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने 22 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त साहिल और राहुल को अंसल्स एमरॉल्ड हाईट्स के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, 21 पैम्फलेट और 2,750 रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने अन्य स्थानों पर भी इस तरह की ठगी की है या नहीं। साथ ही, पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने की कार्रवाई जारी है।