महंगी किताबों और भ्रष्टाचार के खिलाफ भाकियू किसान का बिगुल, 30 अप्रैल को होगा बड़ा आंदोलन
आगरा। भारतीय किसान यूनियन (किसान) की एक महत्वपूर्ण बैठक रामबाग, आगरा में राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में निजी स्कूलों द्वारा छात्रों पर महंगी किताबें थोपे जाने के मुद्दे पर कड़ा विरोध जताया गया। संगठन ने मांग उठाई कि सभी प्राइवेट स्कूलों में एनसीईआरटी की पुस्तकों को अनिवार्य किया जाए, ताकि अभिभावकों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को कम किया जा सके।
बैठक के दौरान तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर फैले भ्रष्टाचार का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यालयों में आम जनता का लगातार शोषण हो रहा है, जिसे अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि यदि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो संगठन सड़कों पर उतरकर आंदोलन तेज करेगा।
इन तमाम समस्याओं के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (किसान) ने 30 अप्रैल को तहसील जलेसर पर विशाल धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। संगठन ने इस आंदोलन को व्यापक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।