कागारौल में मस्जिद के पास बवाल: दो पक्षों में पथराव, पुलिस पर भी हमला, 60 से अधिक पर मुकदमा
आगरा। जनपद के कागारौल कस्बे में शुक्रवार को उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब मस्जिद के पास मुस्लिम समाज के दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर पथराव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आगरा-तांतपुर रोड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
जानकारी के अनुसार, तांतपुर रोड स्थित मस्जिद के पास किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया। पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई, फिर ईंट-पत्थर चलने लगे। हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ लोग घरों की छतों से भी पथराव करते नजर आए। आसपास की दुकानों के शटर गिर गए और लोग घरों में छिपकर अपनी जान बचाने लगे, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस पर भी हुआ हमला
स्थिति को काबू में करने पहुंची उत्तर प्रदेश पुलिस पर भी उपद्रवियों ने पथराव कर दिया, जिससे हालात और गंभीर हो गए। शुरुआती प्रयासों में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर उपद्रवियों को खदेड़ा गया।
60 से अधिक पर मुकदमा, 6 गिरफ्तार
मामले में कागारौल थाने में 60 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें 36 नामजद आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
वीडियो से खुल रही सच्चाई
घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनसे हिंसा की गंभीरता साफ झलक रही है। पुलिस अब इन वीडियो के आधार पर भी उपद्रवियों की पहचान कर रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।