वीर नगर में दर्दनाक हादसा: कार ने खोखे में बैठे बच्चों को रौंदा, 6 साल के मासूम की मौत
आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र अंतर्गत दयालबाग के वीर नगर में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार कार ने खोखे में बैठे मासूम बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 6 साल के प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 5 साल की बहन स्नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई है।
जानकारी के अनुसार, वीर नगर में छोटू अपने परिवार के साथ ससुराल में रहते हैं। उनके ससुर पुलिया के पास एक खोखा चलाते हैं। शुक्रवार दोपहर ससुर खाना खाने घर गए हुए थे और खोखे पर उनकी पत्नी (बच्चों की नानी) बैठी थीं। इसी दौरान छोटू के दोनों बच्चे—प्रदीप (6 वर्ष) और स्नेहा (5 वर्ष)—भी नानी के साथ वहीं मौजूद थे।
दोपहर करीब डेढ़ बजे क्षेत्र का ही एक युवक राहुल तेज रफ्तार में कार लेकर वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि कार अनियंत्रित होकर सीधे खोखे में जा घुसी, जिससे नानी और दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्नेहा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नानी को भी चोटें आई हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने हंगामा भी किया। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।