सिंधी बाजार में मारपीट बनी जानलेवा: ठेला लगाने वाले युवक की मौत, आरोपी कार चालक गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 25 अप्रैल 2026

सिंधी बाजार में मारपीट बनी जानलेवा: ठेला लगाने वाले युवक की मौत, आरोपी कार चालक गिरफ्तार

सिंधी बाजार में मारपीट बनी जानलेवा: ठेला लगाने वाले युवक की मौत, आरोपी कार चालक गिरफ्तार

आगरा के सिंधी बाजार में मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां ठेला लगाने वाले एक युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान साबुन कटरा निवासी संजय के रूप में हुई है, जो सिंधी बाजार में खाने-पीने का ठेला लगाता था। घटना 18 अप्रैल की बताई जा रही है, जब ठेला साइड में करने को लेकर संजय का एक कार चालक से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान कार सवार युवक ने संजय को बुरी तरह पीट दिया और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद संजय गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा मिला। परिजन उसे इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में मृतक की मां की तहरीर पर थाना एमएम गेट में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने मामले की जांच करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर वैगनआर कार का नंबर ट्रेस किया गया, जो लोहामंडी निवासी एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत निकली। पूछताछ में सामने आया कि कार कई साल पहले धौलपुर (राजस्थान) के राजा खेड़ा निवासी निकुंज को दी जा चुकी थी।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी निकुंज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि घटना वाली रात वह अपने परिजनों के साथ अस्पताल से लौट रहा था और रास्ते में ठेला हटाने को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर मारपीट की।

फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

video

Pages