7 अप्रैल को सीएम योगी का आगरा दौरा: 5142 करोड़ की ‘ग्रेटर आगरा योजना’ का होगा शिलान्यास, तैयारियां तेज
आगरा में 7 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। ‘ग्रेटर आगरा योजना’ के तहत होने जा रहे इस बड़े कार्यक्रम से पहले पूरे जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शिलान्यास से आगरा के शहरी विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री व जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने आगरा पहुंचकर तैयारियों की कमान संभाली। खेरिया एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किए जाने के बाद वे सीधे कमिश्नरी पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) द्वारा ग्राम रायपुर और रहनकलां में लगभग 449.65 हेक्टेयर भूमि पर 10 आवासीय टाउनशिप विकसित की जाएंगी। इस परियोजना की अनुमानित लागत 5142 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री इस दौरान भूमिपूजन, शिलान्यास और विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे, साथ ही एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
समीक्षा बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और हेलीपेड, बैरिकेडिंग, पार्किंग, मंच, वीआईपी/मीडिया दीर्घा, टेंट व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी हों और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
गर्मी के मौसम को देखते हुए मंत्री ने विशेष रूप से पेयजल, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता देने को कहा गया।
भूमि अधिग्रहण को लेकर भी मंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन किसानों को मुआवजा नहीं मिला है, उनकी जमीन पर कब्जा न लिया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर मुआवजा देना सुनिश्चित किया जाए और उनकी समस्याओं की अनदेखी न हो।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा आगरा के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की हर व्यवस्था चाक-चौबंद रहे, ट्रैफिक सुचारु रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक और निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप सिंह, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुणमोली, सीडीओ प्रतिभा सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।