आगरा मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान: 807 यात्री पकड़े, 5 लाख से अधिक जुर्माना वसूला
आगरा: रेलवे द्वारा चलाए गए मेगा टिकट चेकिंग अभियान में बड़ा खुलासा हुआ है। भारतीय रेल के आगरा मंडल के प्रमुख स्टेशनों—आगरा छावनी रेलवे स्टेशन, आगरा किला रेलवे स्टेशन और मथुरा जंक्शन—पर बुधवार को चलाए गए विशेष अभियान में कुल 807 यात्रियों को पकड़ा गया।
इस दौरान बिना टिकट, अनियमित यात्रा, बिना बुक सामान ले जाने और रेल परिसर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान में बड़ी संख्या में टिकट चेकिंग स्टाफ मौजूद रहा, जिससे अनियमित यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्रियों ने बचने के लिए बहाने बनाए तो कुछ ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन उन्हें पकड़कर नियमानुसार जुर्माना वसूला गया।
अभियान के आंकड़ों के अनुसार:
340 बिना टिकट यात्रियों से ₹2,83,905 वसूले गए
466 अनियमित यात्रियों से ₹2,31,690 का जुर्माना लिया गया
1 यात्री से बिना बुक सामान पर ₹490 वसूले गए
इस प्रकार कुल 807 यात्रियों से ₹5,16,085 का जुर्माना वसूला गया।
अभियान का नेतृत्व मंडल वाणिज्य निरीक्षक आर.के. सिंह ने किया। उनके साथ मुख्य टिकट निरीक्षक राशिद जमील (आगरा छावनी), नागेंद्र तिवारी (मथुरा) और एस.के. वर्मा (आगरा किला) सहित पूरी टीम सक्रिय रही।
जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि इस तरह के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि बिना टिकट यात्रा, अनियमित सफर, बिना बुक सामान और गंदगी फैलाने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे वैध टिकट लेकर यात्रा करें और रेल नियमों का पालन करें।