मानदेय और नियमितीकरण को लेकर एत्मादपुर में ‘कलम बंद’ हड़ताल, मनरेगा कर्मियों ने खोला मोर्चा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026

मानदेय और नियमितीकरण को लेकर एत्मादपुर में ‘कलम बंद’ हड़ताल, मनरेगा कर्मियों ने खोला मोर्चा

मानदेय और नियमितीकरण को लेकर एत्मादपुर में ‘कलम बंद’ हड़ताल, मनरेगा कर्मियों ने खोला मोर्चा

जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- विकास खंड एत्मादपुर में ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ अनिश्चितकालीन ‘कलम बंद’ हड़ताल शुरू कर दी है। ग्राम रोजगार सेवक (पंचायत मित्र) वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन में मनरेगा से जुड़े कर्मियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

एसोसिएशन द्वारा खंड विकास अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत 16 अप्रैल से हड़ताल शुरू की गई है, जो 1 मई को जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित बड़े प्रदर्शन के साथ समाप्त होगी। इस दौरान सभी मनरेगा कर्मी कामकाज से दूरी बनाकर अपनी मांगों को लेकर दबाव बनाएंगे।

रोजगार सेवकों का कहना है कि वर्षों से उनकी समस्याएं लंबित पड़ी हैं, लेकिन शासन स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रमुख मांगों में लंबे समय से रुके मानदेय का भुगतान, ईपीएफ कटौती की राशि को खातों में जमा कराना और करीब 20 वर्षों से कार्यरत कर्मियों का नियमितीकरण शामिल है। इसके साथ ही 4 अक्टूबर 2021 को मुख्यमंत्री द्वारा रोजगार सेवकों के सम्मेलन में की गई घोषणाओं—जैसे एचआर पॉलिसी लागू करना और मानदेय बढ़ोतरी—को अब तक लागू न किए जाने पर भी गहरी नाराजगी जताई गई।

आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की रणनीति भी तय की गई है। 16 से 25 अप्रैल तक सांकेतिक और अनिश्चितकालीन हड़ताल, 26 और 27 अप्रैल को पोस्टकार्ड अभियान के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजना, 28 से 30 अप्रैल के बीच जनप्रतिनिधियों से समर्थन मांगना और 1 मई को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

ब्लॉक अध्यक्ष देशराज सिंह धाकरे और ब्लॉक महामंत्री महेंद्र सिंह ने साफ कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख नहीं अपनाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से यह भी अपील की हड़ताल के दौरान किसी भी कर्मचारी पर कार्य करने का दबाव न बनाया जाए।

इस दौरान बनी सिंह (उपाध्यक्ष), देवकीनंदन बघेल (मीडिया प्रभारी), चंद्रप्रकाश, कृष्वीर सिंह, बबलू खां, विकास कुमार, राज किशोर, तकनीकी सहायक रविंद्र कुमार, सत्यवीर सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर विनीत, नीरज, तकनीकी सहायक बृजभूषण श्रीवास्तव, एपीओ अजय कुमार, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर पूनम सहित दर्जनों रोजगार सेवक और मनरेगा कर्मचारी मौजूद रहे।

हड़ताल के चलते मनरेगा कार्यों पर असर पड़ने की आशंका है, जिससे ग्रामीण विकास योजनाओं की गति भी प्रभावित हो सकती है।

video

Pages