अग्निवीर भर्ती रैली में युवाओं का जोश, 980 में से 800 अभ्यर्थी पास, मेडिकल के लिए चयनित - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 8 अप्रैल 2026

अग्निवीर भर्ती रैली में युवाओं का जोश, 980 में से 800 अभ्यर्थी पास, मेडिकल के लिए चयनित

अग्निवीर भर्ती रैली में युवाओं का जोश, 980 में से 800 अभ्यर्थी पास, मेडिकल के लिए चयनित

आगरा। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (ARO) आगरा द्वारा एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली में युवाओं का उत्साह देखने को मिला। मंगलवार, 7 अप्रैल 2026 को आयोजित रैली में करीब 980 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से लगभग 800 अभ्यर्थी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हुए और उन्हें अगले चरण यानी मेडिकल परीक्षण के लिए चयनित किया गया।

इस दिन हाथरस जनपद के अग्निवीर जनरल ड्यूटी अभ्यर्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह के समय बड़ी संख्या में युवा रैली स्थल पर पहुंचे और निर्धारित मानकों के अनुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं स्क्रीनिंग प्रक्रिया में शामिल हुए। सफल अभ्यर्थियों का चयन अब चिकित्सा परीक्षण के लिए किया गया है।

सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम
भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। इसमें सुव्यवस्थित प्रवेश-निकास, चिकित्सा सहायता दल, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा के विशेष इंतजाम शामिल रहे। पूरी प्रक्रिया की निगरानी सेना के अधिकारियों द्वारा लगातार की जा रही है।

सेना के अधिकारियों ने नागरिक प्रशासन और स्थानीय प्राधिकरणों के साथ समन्वय स्थापित कर यातायात प्रबंधन और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को भी सुचारु बनाए रखा, जिससे भर्ती प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो रही है।

आज फिरोजाबाद के अभ्यर्थियों की बारी
रैली कार्यक्रम के अनुसार 8 अप्रैल 2026 को फिरोजाबाद जनपद के अग्निवीर जनरल ड्यूटी अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में भाग लेंगे। सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे रात 2 बजे तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रवेश द्वार पर समय से पहुंचें और एडमिट कार्ड में दिए गए निर्देशों का पालन करें।

सेना की अपील: दलालों से रहें सावधान
आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस आगरा ने स्पष्ट किया है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट आधारित है। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के दलालों या धोखाधड़ी करने वाले तत्वों से सावधान रहने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।

video

Pages