आगरा के बाह क्षेत्र में मिलावट की आशंका पर 990 लीटर खाद्य तेल सीज
आगरा। जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 990 लीटर संदिग्ध खाद्य तेल को सीज कर दिया। तहसील बाह क्षेत्र में हुई इस छापेमारी से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया।यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी बाह संतोष कुमार शुक्ला के नेतृत्व और मौजूदगी में की गई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जनपदीय टीम, जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी कोमल सिंह और गजेन्द्र सिंह शामिल रहे, ने थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र के ग्राम पुरा भगवान में स्थित श्रीमती प्रिया पत्नी रविन्द्र सिंह के खाद्य तेल प्रतिष्ठान पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान प्रतिष्ठान में 622 लीटर राइस ब्रान ऑयल और 372 लीटर सरसों का तेल भंडारित पाया गया। मिलावट की आशंका के चलते टीम ने दोनों प्रकार के तेल के एक-एक नमूने विधिवत संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए।
कार्रवाई के दौरान 620 लीटर राइस ब्रान ऑयल (अनुमानित मूल्य ₹77,500) और 370 लीटर सरसों का तेल (अनुमानित मूल्य ₹55,500) कुल 990 किलोग्राम खाद्य तेल, जिसकी कुल कीमत लगभग ₹1,33,000 आंकी गई है, को विधिक प्रावधानों के तहत सीज कर खाद्य कारोबारी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।