टीटीजेड की बंदिशों के बीच उद्योगों को राहत की उम्मीद, केंद्रीय मंत्री के आश्वासन से जगी नई आस - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 28 अप्रैल 2026

टीटीजेड की बंदिशों के बीच उद्योगों को राहत की उम्मीद, केंद्रीय मंत्री के आश्वासन से जगी नई आस

टीटीजेड की बंदिशों के बीच उद्योगों को राहत की उम्मीद, केंद्रीय मंत्री के आश्वासन से जगी नई आस

आगरा की औद्योगिक गतिविधियों पर ताज ट्रेपेज़ियम ज़ोन (TTZ) की सख्त बंदिशों के बीच अब राहत की किरण नजर आने लगी है। हाल ही में शहर आए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पियूष गोयल से हुई मुलाकात में नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने उद्योगों से जुड़ी जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिस पर मंत्री ने गंभीरता दिखाते हुए त्वरित पहल के संकेत दिए।

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि टीटीजेड की शर्तों के चलते शहर में नए उद्योगों की स्थापना और विस्तार लगभग ठप हो चुका है। गैस आपूर्ति में कटौती और बिजली कनेक्शन न मिलने से उद्योग संकट में हैं, जबकि सुप्रीम कोर्ट द्वारा बिजली कनेक्शन पर कोई स्पष्ट रोक नहीं है। इस पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा।

टीटीजेड से जुड़े जटिल कानूनी पहलुओं पर समाधान के लिए तुषार मेहता, प्रदेश सरकार और वाणिज्य मंत्रालय के बीच संयुक्त बैठक कर लीगल ओपिनियन लेने की बात कही गई है। इससे उद्योगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

बैठक में युवाओं के पलायन और “ब्रेन ड्रेन” का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर मंत्री ने मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी को निर्देश देते हुए आगरा से नोएडा के बीच 500 से 700 एकड़ भूमि पर इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की योजना को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। प्रस्तावित पार्क में आईटी, ऑटोमोबाइल और स्पाइस जैसे विविध क्षेत्रों के उद्योग स्थापित किए जाएंगे।

इसके साथ ही औद्योगिक आस्थानों को लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड करने की मांग पर भी मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया और उत्तर प्रदेश सरकार से वार्ता का भरोसा दिलाया। दिल्ली में दूसरे चरण की बैठक जल्द आयोजित करने की बात भी कही गई।

अंतरराष्ट्रीय व्यापार के विस्तार की दिशा में भी अहम पहल हुई। प्रतिनिधिमंडल ने न्यूजीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री टॉड मैक्ले से मुलाकात कर निर्यात संभावनाओं पर चर्चा की। न्यूजीलैंड सरकार ने औद्योगिक संवाद के लिए आमंत्रित किया, जिसे स्वीकार करते हुए जल्द दौरे की योजना बनाई जा रही है।

चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने विश्वास जताया कि इस उच्चस्तरीय संवाद के सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आएंगे और आगरा के उद्योगों को नई दिशा मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल में मनोज कुमार बंसल के साथ उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग और कोषाध्यक्ष विनय मित्तल भी शामिल रहे।

video

Pages