आगरा: फायरिंग करने वाला आरोपी अवैध असलाह के साथ गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 1 अप्रैल 2026

आगरा: फायरिंग करने वाला आरोपी अवैध असलाह के साथ गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

आगरा: फायरिंग करने वाला आरोपी अवैध असलाह के साथ गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

आगरा। थाना मनसुखपुरा पुलिस टीम ने फायरिंग की घटना में शामिल एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (315 बोर), एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 मार्च 2026 को शाम करीब 7:30 बजे वादी एक दावत से लौट रहा था। रास्ते में कुछ लोग बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ बंडा ने वादी पर फायरिंग कर दी। वादी किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंचा, लेकिन आरोपी अपने साथियों के साथ उसके घर तक पहुंच गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

इस घटना के संबंध में थाना मनसुखपुरा में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त (पूर्वी जोन) के निर्देशन में तथा सहायक पुलिस आयुक्त शमशाबाद के पर्यवेक्षण में विशेष टीमों का गठन किया गया।

31 मार्च 2026 को थाना मनसुखपुरा पुलिस द्वारा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ बंडा को ग्राम अनिरुद्धपुरा के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध असलाह और कारतूस बरामद हुए।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में शस्त्र अधिनियम की धाराओं (3/25/27) की बढ़ोतरी कर दी है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और अवैध असलाह के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

video

Pages