आगरा के किनारी बाजार में जर्जर इमारत ढही, बड़ा हादसा टला
आगरा के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित किनारी बाजार में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करीब 12 बजे सीताराम कॉलोनी निवासी सर्राफ रिंकू बंसल का तीन मंजिला शोरूम अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय बाजार पूरी तरह बंद था, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
रात के सन्नाटे में तेज धमाके की आवाज ने आसपास के लोगों में दहशत फैला दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आवाज इतनी जोरदार थी कि लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंचकर देखा तो पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया गया, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गिरने वाली इमारत लंबे समय से बंद पड़ी थी और उसकी हालत बेहद जर्जर थी। इसके पीछे एक अन्य निर्माण कार्य भी चल रहा था, जिसे हादसे की एक संभावित वजह माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय इमारत के अंदर या आसपास कोई मौजूद नहीं था।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मलबा हटाने का कार्य शुरू करा दिया है और आसपास की अन्य जर्जर इमारतों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि शहर में ऐसे खतरनाक भवनों को चिन्हित कर समय रहते कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।