विशेष किशोर पुलिस इकाई कार्यशाला में बाल सुरक्षा पर जोर
आगरा। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशन में रिज़र्व पुलिस लाइन, आगरा में विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) की मासिक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता अपर पुलिस उपायुक्त प्रोटोकॉल पूनम सिरोही ने की।
कार्यशाला में गुमशुदा बच्चों की शीघ्र बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पॉक्सो अधिनियम, बाल संरक्षण, बंधुआ मजदूरी उन्मूलन, यौन हिंसा की रोकथाम तथा आश्रय गृह/वन स्टॉप सेंटर से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही इन समस्याओं से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
इस दौरान कमिश्नरेट आगरा के सभी थानों पर नियुक्त बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों के अलावा कई प्रमुख संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, श्रम विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, चिकित्सा विभाग, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर, शिक्षा विभाग, अभियोजन अधिकारी, रेलवे पुलिस, राजकीय रेलवे पुलिस, राजकीय बाल (शिशु) गृह तथा स्वयंसेवी संस्था जनसाहस के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।