आगरा में धूमधाम से निकल रही बाबा साहब की झांकी शोभायात्रा. जीआईसी में सजी भव्य भीमनगरी आज आएंगे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य
आगरा में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती समारोह धूमधाम से मनाया जा रहा है. जीआईसी में भव्य और दिव्य भीमनगरी सजी है. मंगलवार शाम को भव्य आयोजन के साथ बाबा साहब की झांकी की शोभायात्रा निकाली गई. भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की 135 वीं जयंती पर पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान का डॉ. आंबेडकर भवन कटरा गाड़ियाँन, नाला काजीपाड़ा पहुंचने पर समिति अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह सक्सेरिया व महामंत्री निहाल सिंह, कोषाध्यक्ष हेतसिंह अंबेश आदि द्वारा पुष्पगुच्छ व मोमेंटो देकर भव्य स्वागत किया गया. सभी विशिष्ट अतिथियों ने बाबा साहब की झांकी की आरती कर झांकी शोभायात्रा को रवाना किया।
डिप्टी सीएम आज आएंगे आगरा
आगरा के जीआईसी में सजी भीमनगरी में बुधवार को प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करने आ रहे हैं. उपमुख्यमंत्री बुधवार को 3:15 बजे सर्किट हाउस पहुंच कर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों व संगठन एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे. जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संचालित योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों आदि की समीक्षा बैठक करेंगे. इसके बाद उपमुख्यमंत्री द्वारा प्रेस वार्ता की जाएगी. मा. उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सायंकाल 7:00 बजे भारत रत्न बाबा साहब डॉ. बीआर आंबेडकर जी की 135 वीं जयंती के अवसर पर, जीआईसी मैदान में सजी भीम नगरी के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।