आगरा मेट्रो कार्य में बड़ा हादसा: सर्विस रोड पर क्रेन गिरी, दुकान क्षतिग्रस्त
आगरा: शहर में चल रहे आगरा मेट्रो के निर्माण कार्य के दौरान बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। आगरा-दिल्ली हाईवे की सर्विस रोड पर मेट्रो कार्य में लगी एक भारी क्रेन अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे पास की एक दुकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के समय इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि गनीमत यह रही कि घटना रात में हुई और दुकान बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रेन पिलर से शटरिंग हटाने का काम कर रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी।
सूचना मिलते ही मेट्रो के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। देर रात तक क्रेन को हटाने का कार्य जारी रहा, लेकिन उसे तत्काल हटाया नहीं जा सका।
यह पहली बार नहीं है जब मेट्रो निर्माण के दौरान इस तरह का हादसा हुआ हो। इससे पहले भी हाईवे पर एक कार पर लकड़ी का टुकड़ा गिरने की घटना सामने आ चुकी है, जबकि प्रतापपुरा क्षेत्र में एक मकान पर मशीन गिरने से नुकसान हुआ था।
लगातार हो रहे इन हादसों से निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मेट्रो प्रशासन से सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।