भैरों बाजार में ढही केनरा बैंक बिल्डिंग, अवैध बेसमेंट खुदाई बनी वजह - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026

भैरों बाजार में ढही केनरा बैंक बिल्डिंग, अवैध बेसमेंट खुदाई बनी वजह

भैरों बाजार में ढही केनरा बैंक बिल्डिंग, अवैध बेसमेंट खुदाई बनी वजह

आगरा के थाना छत्ता क्षेत्र स्थित जीवनी मंडी चौकी अंतर्गत भैरों बाजार में गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब केनरा बैंक की पूरी बिल्डिंग अचानक जमींदोज हो गई। गनीमत रही कि बैंक स्टाफ समय रहते बाहर निकल गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राथमिक तौर पर इस घटना के पीछे अवैध और अत्यधिक गहरी बेसमेंट खुदाई को जिम्मेदार माना जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बैंक बिल्डिंग से सटी प्रॉपर्टी में कई महीनों से जमीन के भीतर करीब तीन मंजिल तक गहरी खुदाई की जा रही थी। लगातार इस खुदाई से आसपास की इमारतों की नींव कमजोर हो रही थी, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

बताया जा रहा है कि खुदाई इतनी गहराई तक पहुंच गई थी कि जमीन के अंदर से पानी निकलने लगा था, जिसे पंप के जरिए रोजाना सड़कों पर बहाया जाता था। इसके बावजूद न तो खनन विभाग ने हस्तक्षेप किया और न ही विकास प्राधिकरण ने निर्माण कार्य को रुकवाया।

घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक निगरानी और जिम्मेदारी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी गहरी खुदाई की अनुमति किसने दी, और किन परिस्थितियों में यह कार्य बिना रोक-टोक जारी रहा—ये सवाल अब चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।

गौरतलब है कि शहर में पहले भी अवैध खुदाई के कारण हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अब नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में कितनी सख्ती दिखाता है और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।

video

Pages